आजमगढ़ में दिल दहला देने वाली घटना: तीन बच्चों को साड़ी से बांधकर पोखरी में कूदी मां, दो मासूम बेटों की मौत, बेटी ने बचाई जान

आजमगढ़ में दिल दहला देने वाली घटना: तीन बच्चों को साड़ी से बांधकर पोखरी में कूदी मां, दो मासूम बेटों की मौत, बेटी ने बचाई जान

आजमगढ़ जिले के सरायमीर थाना क्षेत्र के करछा गांव में रविवार सुबह एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। एक महिला अपने तीन मासूम बच्चों को साथ लेकर घर से निकली और कथित तौर पर उन्हें साड़ी से बांधकर पोखरी में छलांग लगा दी। इस हृदय विदारक घटना में दो मासूम बेटों की डूबने से मौत हो गई, जबकि आठ वर्षीय बेटी ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए किसी तरह बंधन खोलकर अपनी जान बचा ली। महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
परिजनों और पुलिस के अनुसार, जयप्रदा उम्र 26 वर्ष पत्नी बिंदलेश यादव रविवार सुबह अपने तीनों बच्चों को दवा दिलाने की बात कहकर घर से निकली थीं। वह सरायमीर कस्बे में वी-मार्ट के पीछे स्थित एक पोखरी के पास पहुंचीं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, वहां उन्होंने अपनी साड़ी से तीनों बच्चों को बांधा और फिर पोखरी में कूद गईं।
घटना के दौरान आठ वर्षीय बेटी मानवी ने हिम्मत नहीं हारी। उसने किसी तरह साड़ी का बंधन खोल लिया और पानी से बाहर निकल आई। इसके बाद वह करीब तीन किलोमीटर पैदल चलकर गांव पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। बच्ची की बात सुनते ही परिवार के लोग और ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।
ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया, लेकिन तब तक डेढ़ वर्षीय राघव और तीन वर्षीय कृष्ण की डूबने से मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों ने महिला को भी पोखरी से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि जयप्रदा मूल रूप से दीदारगंज थाना क्षेत्र के खरसन गांव की रहने वाली हैं। परिजनों के मुताबिक, वह लगभग 15 दिन पहले अपने तीनों बच्चों के साथ लखनऊ गई थीं, लेकिन रायबरेली से वापस लौट आई थीं। शुरुआती जांच में घटना के पीछे पारिवारिक कलह की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस अन्य सभी संभावित कारणों की भी गहनता से जांच कर रही है।

एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि थाना सरायमीर के अंतर्गत यह सूचना प्राप्त हुई कि एक महिला ने अपने दो लड़के—जिनकी उम्र डेढ़ साल और 3 साल थी—और एक लड़की, जिसकी उम्र 8 साल थी, उनको अपनी साड़ी से बांधकर गहरे पोखरे में कूद गई है।

इस घटना के कारण दोनों लड़कों की तत्काल मौके पर ही मृत्यु हो गई तथा महिला को तथा उसकी बच्ची को बचा लिया गया है। दोनों अस्पताल में हैं, उनका इलाज चल रहा है और वर्तमान में खतरे से बाहर हैं। दोनों लड़कों की बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है।

प्रथम दृष्टया जांच में पारिवारिक कलह एवं मानसिक रूप से परेशान होने की बात प्रकाश में आई है। शेष तथ्यों पर जांच की जा रही है, जो भी आगे तथ्य प्रकाश में आएंगे उनके आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *