आजमगढ़: ₹50 हजार का इनामी दोहरे हत्याकांड का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, दोनों पैरों में लगी गोली
आजमगढ़ जिले के पवई थाना क्षेत्र में दादा और चचेरे भाई की कुल्हाड़ी से हत्या करने वाले ₹50 हजार के इनामी वांछित आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, 9/10 जुलाई 2026 की रात ग्राम हेवती में पैतृक संपत्ति के विवाद और पारिवारिक रंजिश के चलते संतोष यादव उम 33 वर्ष निवासी ताराखुर्द थाना मालीपुर जनपद अंबेडकरनगर, ने अपने सगे दादा जगदम्बा प्रसाद और चचेरे भाई श्रीवांशु यादव उर्फ अंकित की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी थी। इस मामले में थाना पवई पर मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद आरोपी फरार था, जिसकी गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने ₹50 हजार का इनाम घोषित किया था।
मंगलवार को थानाध्यक्ष मनीष पाल पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। मुखबिर से सूचना मिली कि इनामी आरोपी मोटरसाइकिल से ओरिल की ओर से हेवती आ रहा है। सूचना पर पुलिस ने रसूलाबाद मोड़ के पास घेराबंदी की। पुलिस के रुकने के इशारे पर आरोपी भागने लगा, लेकिन बारिश के कारण उसकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई।
पुलिस का कहना है कि घिर जाने पर आरोपी ने अवैध .315 बोर तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई नियंत्रित जवाबी फायरिंग में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने पैतृक जमीन के बंटवारे और आर्थिक लेन-देन को लेकर चल रहे विवाद के कारण दोहरे हत्याकांड को अंजाम देने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई।
बरामदगी में एक .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जीवित कारतूस, तीन खोखा कारतूस, हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, एक सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल तथा ₹600 नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास तथा आयुध अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
