आजमगढ़: दलित महिला से मारपीट व अभद्रता का आरोप, आरोपी पर गैंगस्टर व अन्य गंभीर धाराओं के मामले दर्ज होने का दावा

आजमगढ़: दलित महिला से मारपीट व अभद्रता का आरोप, आरोपी पर गैंगस्टर व अन्य गंभीर धाराओं के मामले दर्ज होने का दावा

आजमगढ़ जनपद के सदर क्षेत्र में एक दलित महिला ने गांव के ही एक दबंग व्यक्ति पर मारपीट, गाली-गलौज और अभद्रता करने का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता ने मामले की शिकायत क्षेत्राधिकारी (सीओ) सदर को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।

मिली जानकारी के अनुसार थाना गम्भीरपुर क्षेत्र के गौरी गांव की निवासी रीना पत्नी राजकुमार ने आरोप लगाया है कि वह काफी गरीब है और लंबे समय से टूटे-फूटे छप्पर में रहकर जीवन यापन कर रही थी। पीड़िता के अनुसार उसके ससुर द्वारा लगभग 50 वर्ष पूर्व बनाई गई बाउंड्री के अंदर वह कर्ज और स्वयं सहायता समूह से पैसा लेकर अपना छोटा सा मकान बनवा रही थी ताकि परिवार के रहने की व्यवस्था हो सके।

रीना का आरोप है कि 8 मार्च 2025 को लगभग 3 बजे गांव के ही सफदर पुत्र एकलाक अपने दो-तीन साथियों के साथ मौके पर पहुंच गया। पीड़िता के अनुसार आरोपी ने मकान निर्माण को लेकर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की और 50 हजार रुपये की मांग करने लगा। जब पीड़िता ने अपनी गरीबी का हवाला देते हुए पैसा देने में असमर्थता जताई, तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसके बाल पकड़कर जमीन पर गिरा दिया और सीने पर चढ़कर लात-घूंसे व थप्पड़ों से बुरी तरह पीटा। इस दौरान उसके साथ अभद्रता भी की गई, जिससे उसकी साड़ी फट गई। शोर सुनकर गांव के कई लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर किसी तरह उसे बचाया।

रीना का कहना है कि मारपीट में उसके सिर और शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं और आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी है। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी क्षेत्र का दबंग व्यक्ति है और उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिससे पूरा परिवार भयभीत है।

पीड़िता ने क्षेत्राधिकारी सदर से मांग की है कि थाना गम्भीरपुर पुलिस को निर्देशित कर आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं तथा एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाए और उसका मेडिकल परीक्षण कराया जाए, ताकि उसे न्याय मिल सके।

फिलहाल पुलिस अधिकारियों की ओर से मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *