ऑनलाइन गेम के कर्ज में फंसकर किसानों की ट्रैक्टर ट्रॉलियां बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार

ऑनलाइन गेम के कर्ज में फंसकर किसानों की ट्रैक्टर ट्रॉलियां बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार

आजमगढ़.जिले के महराजगंज थाना पुलिस ने किसानों से किराये पर ट्रैक्टर ट्रॉलियां लेकर उन्हें बेचने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बेची गई तीन ट्रैक्टर ट्रॉलियां भी बरामद कर ली हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी सुनील यादव और उपेन्द्र यादव किसानों से ट्रैक्टर ट्रॉली किराये पर लेते थे। इसके बाद पारिवारिक आर्थिक परेशानी का बहाना बनाकर ट्रॉलियों को अन्य लोगों के हाथ बेच देते थे। इस मामले में थाना महराजगंज पर चार अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए थे।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे एविएटर गेम नामक ऑनलाइन गेम खेलने के दौरान भारी कर्ज में डूब गए थे। कर्ज चुकाने के लिए उन्होंने किसानों की ट्रैक्टर ट्रॉलियां किराये पर लेकर लगभग 15 हजार रुपये प्रतिमाह के किराये का लालच दिया और बाद में उन्हें बेचकर रकम से अपना कर्ज चुकाया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए गए अभियान के तहत महराजगंज पुलिस ने बुधवार सुबह दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर थाना रौनापार क्षेत्र के नैनीजोर तथा महराजगंज क्षेत्र के प्रतापपुर गांव से बेची गई तीन ट्रैक्टर ट्रॉलियां बरामद की गईं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ दर्ज चारों मुकदमों में आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *