सामुदायिक शौचालय पर सालों से लटका ताला, गंदगी और झाड़ियों से घिरा परिसर

सामुदायिक शौचालय पर सालों से लटका ताला, गंदगी और झाड़ियों से घिरा परिसर
रीना वर्मा

कन्नौज। छिबरामऊ विकास खंड के ग्राम लड़ैता में स्वच्छ भारत अभियान के तहत लाखों रुपये की लागत से बनाया गया सामुदायिक शौचालय जिम्मेदारों की अनदेखी के चलते शोपीस बनकर रह गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि शौचालय में कई वर्षों से ताला लटका हुआ है, जिसके कारण इसका लाभ ग्रामीणों को नहीं मिल पा रहा है।
शौचालय के आसपास गंदगी का अंबार लगा हुआ है और परिसर में उगी घास अब झाड़ियों का रूप ले चुकी है। हालात देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि यहां लंबे समय से साफ-सफाई नहीं हुई है। ग्रामीणों के मुताबिक, शौचालय बंद होने के कारण कुछ लोग इसके बाहर ही अपने जानवर बांध रहे हैं। इससे स्वच्छता अभियान की मंशा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि सामुदायिक शौचालय को चालू कराने और परिसर की नियमित साफ-सफाई कराने के लिए कई बार ग्राम प्रधान व संबंधित अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने जिम्मेदार अधिकारियों से शौचालय का ताला खुलवाकर उसे नियमित रूप से संचालित कराने तथा परिसर की साफ-सफाई कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *