मारपीट के बाद जान से मारने की धमकी, पीड़ित परिवार ने पुलिस से मांगी सुरक्षा

मारपीट के बाद जान से मारने की धमकी, पीड़ित परिवार ने पुलिस से मांगी सुरक्षा

आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के मेगापुर गांव की निवासी ज्ञानती पत्नी तिल्लो निषाद ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि पूर्व में हुई मारपीट की घटना के बाद आरोपी पक्ष लगातार उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहा है।

पीड़िता के अनुसार 13 फरवरी 2026 को गांव के कुछ लोगों ने उनके पति के साथ बुरी तरह मारपीट की थी, जिसकी रिपोर्ट थाना मुबारकपुर में दर्ज कराई गई है। रिपोर्ट दर्ज होने से नाराज आरोपी पक्ष के लोग अब परिवार पर दबाव बना रहे हैं।

ज्ञानती का आरोप है कि पियूण यादव, परमेश यादव उर्फ महू यादव, शेषनाथ यादव, अजीत यादव सहित अन्य लोगों ने उनके पुत्र शिवम को घेरकर मारने-पीटने और जान से मरवाने की धमकी दी। आरोप है कि आरोपी घर पर चढ़कर गाली-गलौज करते हैं और परिवार को डराने का प्रयास कर रहे हैं।

पीड़ित परिवार का कहना है कि लगातार मिल रही धमकियों के कारण घर से निकलना भी मुश्किल हो गया है और पूरा परिवार भयभीत है। उन्होंने आशंका जताई है कि आरोपी किसी अन्य व्यक्ति से भी हमला करवा सकते हैं।

पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *