गंभीरबन में जमीन कब्जाने के प्रयास का आरोप, ग्रामीणों ने डीएम से लगाई गुहार

गंभीरबन में जमीन कब्जाने के प्रयास का आरोप, ग्रामीणों ने डीएम से लगाई गुहार

आजमगढ़। सदर तहसील क्षेत्र के जहानागंज थाना अंतर्गत गंभीरबन गांव के अनुसूचित जाति के कई परिवारों ने ग्राम प्रधान और उनके परिजनों पर पुश्तैनी जमीन पर जबरन कब्जा करने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपा है। ग्रामीणों ने अवैध निर्माण कार्य रुकवाने और जान-माल की सुरक्षा की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, प्रार्थीगण पिछले कई दशकों से गाटा संख्या 2814, रकबा 1.560 कड़ी पर काबिज हैं और मजदूरी कर अपना जीवन-यापन करते हैं। उनका आरोप है कि गांव के प्रधान तथा उनके पति आशुतोष सिंह और रवि कुमार, पुत्र बाल मुकुंद सिंह, हाट-बाजार बनाने के नाम पर उनकी जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। विरोध करने पर गाली-गलौज किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि घटना के दौरान उन्होंने डायल-112 पर सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने निर्माण कार्य को तत्काल रुकवा दिया।

शिकायतकर्ताओं ने यह भी दावा किया है कि संबंधित गाटा संख्या को लेकर पहले से न्यायालय में मामला विचाराधीन रहा है और उच्च न्यायालय ने अपने आदेश में बिना विधिवत विभाजन के किसी भी प्रकार का पक्का निर्माण कार्य न किए जाने का निर्देश दिया है। इसके बावजूद ग्राम प्रधान द्वारा न्यायालय के आदेश की अनदेखी करते हुए निर्माण कराने का प्रयास किया जा रहा है।

ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए अवैध निर्माण पर रोक लगाने, उनकी जमीन की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा जान-माल की रक्षा के लिए आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *