एशियाई कुश्ती चैंपियन विवेक चौहान का आजमगढ़ में भव्य सम्मान, सर्वोदय पब्लिक स्कूल ने किया सम्मानित
आजमगढ़। अंडर फिफ्टीन एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप 2026 पटाया, थाईलैंड में 85 किलोग्राम फ्री स्टाइल वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर देश और जनपद का नाम रोशन करने वाले युवा पहलवान विवेक चौहान का शुक्रवार को हरबंशपुर स्थित सर्वोदय पब्लिक स्कूल में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
विद्यालय के प्रबंधक एवं कुश्ती संघ आजमगढ़ के अध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद यादव ने विवेक चौहान को अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उनके कोच जयप्रकाश यादव, उपक्रीड़ा अधिकारी आजमगढ़, को भी अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
विवेक चौहान, ग्राम चंदौका, पोस्ट पठखौली, जनपद आजमगढ़ के निवासी हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक कुश्ती की ट्रेनिंग सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम, आजमगढ़ में कोच जयप्रकाश यादव एवं गोविंद यादव के निर्देशन में प्राप्त की। पिछले एक वर्ष से वह स्पोर्ट्स हॉस्टल गोरखपुर में रहकर उच्च स्तरीय प्रशिक्षण ले रहे हैं।
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए राजेन्द्र प्रसाद यादव ने विवेक चौहान को एशियाई चैंपियन बनने पर हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि से पूरे आजमगढ़ का गौरव बढ़ा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में आजमगढ़ के पहलवान ओलंपिक में भी देश का प्रतिनिधित्व कर पदक जीतेंगे।
कार्यक्रम में विजय शंकर यादव उपाध्यक्ष, कुश्ती संघ आजमगढ़, प्रवीण कुमार यादव सचिव, कुश्ती संघ आजमगढ़, अजेन्द्र राय सचिव, आजमगढ़ ओलंपिक संघ, चंद्रिका यादव, बुझारत यादव, श्याम सुन्दर गुप्ता, भयैया लाल, लाल चन्द यादव, बलधारी चौहान, मोती यादव, राम नयन प्रजापति, धर्मेन्द्र चौहान, रण विजय चौहान, अखिलेश यादव, सत्यवान यादव सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने विवेक चौहान को स्वर्णिम उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
