भामाशाह जयंती पर व्यापारी कल्याण दिवस धूमधाम से मनाया गया, 10 प्रमुख करदाताओं को मिला ‘भामाशाह पुरस्कार’

भामाशाह जयंती पर व्यापारी कल्याण दिवस धूमधाम से मनाया गया, 10 प्रमुख करदाताओं को मिला ‘भामाशाह पुरस्कार’

उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार महान दानवीर भामाशाह की जयंती जनपद आजमगढ़ में “व्यापारी कल्याण दिवस” के रूप में पूरे उत्साह, गरिमा और भव्यता के साथ मनाई गई। हरिऔध कला केंद्र में आयोजित मुख्य समारोह में प्रशासन, राज्य कर विभाग, व्यापारिक संगठनों, उद्यमियों और बड़ी संख्या में व्यापारियों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ भामाशाह की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गंभीर सिंह ने कहा कि भामाशाह का जीवन त्याग, राष्ट्रभक्ति और दानवीरता का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने महाराणा प्रताप के संघर्ष के समय आर्थिक सहयोग देकर राष्ट्रसेवा का अद्वितीय परिचय दिया, जो आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।

समारोह में राज्य कर विभाग, जिला उद्योग केंद्र, एमएसएमई, नगर विकास, ग्राम्य विकास एवं औद्योगिक विकास विभाग की ओर से ओडीओपी उत्पादों, सरकारी योजनाओं और स्थानीय उद्यमों से जुड़े स्टॉल लगाए गए। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने भामाशाह के जीवन और योगदान पर आधारित दुर्लभ चित्रों एवं अभिलेखों की प्रदर्शनी भी लगाई, जिसे लोगों ने काफी सराहा।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कलाकार अर्पित मिश्रा एवं उनकी टीम ने भामाशाह के जीवन पर आधारित स्वरांजलि, नृत्य-नाटिका और लोक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। साथ ही भामाशाह के जीवन पर आधारित प्रेरणादायी लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया।

इस अवसर पर जनपद के सर्वाधिक कर अदा करने वाले 10 प्रतिष्ठित व्यापारियों एवं उद्यमियों को “भामाशाह पुरस्कार” से सम्मानित किया गया। सम्मानित प्रतिष्ठानों में दीप ऑटो ट्रेडर्स, मातादीन रतनलाल, रघुनंदन प्रसाद रामेश्वर प्रसाद ज्वैलर्स, अशोक कुमार आशीष कुमार गोल्ड, हिमालया स्कूटर्स, क्यूजे मोटर्स प्रा. लि., संतोष कुमार सिंह कॉन्ट्रैक्टर, एसकेआर ईंट भट्ठा तथा राय ईंट उद्योग सहित अन्य प्रमुख करदाता शामिल रहे।

जिला उद्योग केंद्र द्वारा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के सफल लाभार्थियों जया मिश्रा, रेनू, निहारिका सिंह तथा निवेशक मिथिलेश बरनवाल एवं सुबोध कान्त को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित निबंध, चित्रकला और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को गोल्ड, सिल्वर एवं कांस्य मेडल तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। निबंध प्रतियोगिता में अमृता कश्यप, अंजली राजभर एवं आरूष कुमार गुप्ता, चित्रकला में पांचाल हर्ष विश्वकर्मा, काजल जायसवाल एवं मानसी प्रजापति तथा प्रश्नोत्तरी में अनिशा पाण्डेय, कुनाल यादव एवं रूचि राजभर ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया।

व्यापारी कल्याण दिवस के अवसर पर जनपद के विभिन्न व्यापारी संगठनों ने अपने प्रतिष्ठानों पर बैनर एवं होर्डिंग लगाकर कार्यक्रम में सहभागिता की। कई स्थानों पर मिष्ठान, शर्बत एवं फलों का वितरण कर भामाशाह की लोककल्याणकारी भावना को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में राज्य कर विभाग के अधिकारी, जिला उद्योग केंद्र, सूचना विभाग, पर्यटन विभाग के अधिकारी, टैक्स बार के अधिवक्ता तथा बड़ी संख्या में व्यापारी एवं उद्यमी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *