मंडलीय चिकित्सालय में मरीज के परिजनों से धन उगाही का आरोप
वार्ड-19 के कर्मचारियों पर 17 दिन तक प्रतिदिन 100 रुपये लेने का आरोप
- बिना पैसे डिस्चार्ज पर्ची नहीं देने की शिकायत, पीड़ित ने जांच की मांग उठाई
आजमगढ़। मंडलीय चिकित्सालय में भर्ती एक मरीज के परिजनों ने वार्ड नंबर-19 के कर्मचारियों पर धन उगाही का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि भर्ती के दौरान उनसे प्रतिदिन 100 रुपये लिए गए और बिना पैसे दिए डिस्चार्ज संबंधी कागजात देने से भी इनकार किया गया।
अजमतगढ़ निवासी मनीता ने बताया कि उनके ससुर लालजी सोनकर उम्र 85 वर्ष पिछले 17 दिनों से मंडलीय चिकित्सालय के वार्ड नंबर-19 में भर्ती थे। परिजनों का आरोप है कि वार्ड के कर्मचारियों ने इलाज के दौरान प्रतिदिन 100 रुपये की मांग की और 17 दिनों तक नियमित रूप से पैसे वसूले। उनका कहना है कि मरीज की छुट्टी के समय भी बिना पैसे दिए डिस्चार्ज का कागज नहीं दिया जा रहा था। मनीता ने पूरे मामले की शिकायत कर दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि सरकारी अस्पताल में इस तरह की वसूली गरीब मरीजों और उनके परिजनों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन रही है। अस्पताल की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। मामला सामने आने के बाद मंडलीय चिकित्सालय प्रशासन ने मामले की जांच शुरु कर दी है।इस मामले में मंडलीय अस्पताल के एसआईसी डॉक्टर सतीष कन्नौजिया का कहना है कि महिला द्वारा जो भी आरोप लगाए गए हैं वो बिलकुल निराधार है। मैं स्वयं वार्डों का निरीक्षण करता हूं। पूरी दिन अस्पताल में बैठा रहता हूं। इस तरह की कोई शिकायत नहीं आती। महिला गलत आरोप लगा रही है।
