ठठिया में बड़ी चोरी की वारदात से हड़कंप, लाखों के जेवरात व नकदी गायब — फॉरेंसिक व डॉग स्क्वायड टीम जांच में जुटी

ठठिया में बड़ी चोरी की वारदात से हड़कंप, लाखों के जेवरात व नकदी गायब — फॉरेंसिक व डॉग स्क्वायड टीम जांच में जुटी
रीना वर्मा

कन्नौज। ठठिया थाना क्षेत्र के हमीरपुर गांव के डिब्बापुरवा में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया जब अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात व नकदी पर हाथ साफ कर दिया और मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते सैकड़ों ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित राजेन्द्र पुत्र रामेश्वर अपने घर के बाहर सो रहे थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य घर की छत पर सोए हुए थे। इसी दौरान पीछे बने शौचालय के सहारे चोर छत पर चढ़े और जीने के दरवाजे से घर के अंदर प्रवेश कर गए। चोरों ने राजेन्द्र के दोनों बहुओं की अलमारियों और सेफ के ताले तोड़कर सोने-चांदी के कीमती जेवरात व नगदी चोरी कर ली।
सुबह जब परिजनों की नींद खुली तो कमरे का सामान बिखरा पड़ा था, जिसके बाद चोरी की घटना का खुलासा हुआ। पीड़ित ने तत्काल स्थानीय औसर चौकी प्रभारी विनीत वर्मा को सूचना दी। सूचना पर ठठिया थाना प्रभारी संजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल शुरू की।
पीड़ित राजेन्द्र ने बताया कि चोरी हुए जेवरात लाखों रुपये कीमत के थे, जिन्हें घर की अलमारी में रखा गया था। उन्होंने बताया कि उनके दोनों पुत्र सरकारी सेवा में कार्यरत हैं, जिनमें एक सुरक्षा बल में तथा दूसरा शिक्षा विभाग में तैनात है।
थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और घटनास्थल से कुछ संदिग्ध सामान भी बरामद किया गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *