तीन माह की विवाहिता से मारपीट, पति पर जान से मारने की धमकी का आरोप

तीन माह की विवाहिता से मारपीट, पति पर जान से मारने की धमकी का आरोप
रीना वर्मा

कन्नौज। ठठिया थाना क्षेत्र के पछायपुरवा गांव में दहेज की मांग पूरी न होने पर नवविवाहिता के साथ लगातार प्रताड़ना और मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता सोनी पत्नी विवेक कुमार की शादी लगभग तीन माह पूर्व बड़े धूमधाम से हुई थी। विवाह में परिजनों ने अपनी क्षमता के अनुसार दहेज देकर बेटी को ससुराल विदा किया था, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष द्वारा कथित रूप से उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।
पीड़िता के अनुसार पति विवेक कुमार ,सास राधा ननद राखी , ननदोई इंद्रेश और देवर अंकुश सहित ससुराल पक्ष के अन्य सदस्य उसे मायके जाने से रोकते थे और आए दिन गाली-गलौज व मारपीट करते थे। हाल ही में जब उसे अपने पिता की तबीयत खराब होने की जानकारी मिली और वह मायके जाने की बात करने लगी, तो इसी बात को लेकर विवाद और बढ़ गया।
आरोप है कि इस दौरान पति ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की तथा जान से मारने और फांसी लगाकर खत्म करने की धमकी भी दी। मारपीट में विवाहिता गंभीर रूप से घायल हो गई और उसके शरीर से खून बहने लगा। गंभीर स्थिति में उसने फोन कर अपने मायके पक्ष को सूचना दी।
सूचना पर पहुंचे पीड़िता के पिता व भाई ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि उनके साथ भी ससुराल पक्ष द्वारा अभद्र व्यवहार किया गया। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर विवाहिता का स्त्रीधन व अन्य सामान जबरन रोक लेने का भी आरोप लगाया है।
घटना के बाद परिजनों ने मामले की शिकायत पुलिस से करने की बात कही है। घायल विवाहिता को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
इस संबंध में ठठिया थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि प्रार्थना पत्र की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *