07 मई से शुरू होगा स्व-गणना अभियान, 22 मई से घर-घर पहुंचेगा प्रगणक दल

07 मई से शुरू होगा स्व-गणना अभियान, 22 मई से घर-घर पहुंचेगा प्रगणक दल

जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गंभीर सिंह ने बताया कि भारत की जनगणना 2027 की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इस क्रम में जनपद में स्व-गणना अभियान 07 मई से 21 मई 2026 तक संचालित किया जाएगा, जबकि प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 22 मई से 20 जून 2026 तक किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि यह जनगणना स्वतंत्रता के बाद देश की आठवीं तथा कुल सोलहवीं जनगणना होगी। खास बात यह है कि यह देश की पहली डिजिटल जनगणना होगी, जिसमें आधुनिक तकनीक और मोबाइल एप के माध्यम से डेटा संकलन किया जाएगा।

स्व-गणना के लिए नागरिक www. se.census.gov.in पोर्टल पर जाकर स्वयं अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकते हैं। इससे प्रक्रिया तेज, पारदर्शी और अधिक विश्वसनीय बनेगी। यह पहल पूरी तरह स्वैच्छिक है और नागरिकों की सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की गई है।

जनपद आजमगढ़ में जनगणना कार्य के लिए कुल 24 चार्ज बनाए गए हैं, जिनमें 08 ग्रामीण और 16 नगरीय क्षेत्र शामिल हैं। इन क्षेत्रों में कुल 9097 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक चिन्हित किए गए हैं। सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है और लगभग 9757 प्रगणक एवं सुपरवाइजर इस कार्य में लगाए गए हैं।

जनगणना के दौरान प्रगणक घर-घर जाकर मोबाइल एप के जरिए मकान की स्थिति, उपयोग और परिवार से जुड़ी आवश्यक जानकारियां एकत्र करेंगे। यह डेटा भविष्य की सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होगा।

जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे इस राष्ट्रीय कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें, स्व-गणना पोर्टल का उपयोग करें और प्रगणकों को सही व पूरी जानकारी उपलब्ध कराएं।

इसके साथ ही जागरूकता बढ़ाने के लिए 07 मई से 20 मई तक विभिन्न वर्गों—जनप्रतिनिधि, किसान, युवा, शिक्षक, स्वास्थ्यकर्मी, व्यापारी, महिला समूह और डिजिटल उपयोगकर्ताओं—के लिए विशेष दिवस निर्धारित किए गए हैं, जिनके माध्यम से व्यापक स्तर पर सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी डॉ. पंकज कुमार, एनआईसी के डीआईओ चंदन यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *