आजमगढ़ में 10 फरवरी को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस, 13 को मॉप-अप अभियान; आयुष्मान गोल्डन कार्ड रजिस्ट्रेशन को लेकर तेज हुआ अभियान

आजमगढ़ में 10 फरवरी को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस, 13 को मॉप-अप अभियान; आयुष्मान गोल्डन कार्ड रजिस्ट्रेशन को लेकर तेज हुआ अभियान

आजमगढ़। फरवरी माह में स्वास्थ्य विभाग द्वारा दो–तीन महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में सर्वप्रथम राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का आयोजन आगामी 10 फरवरी को किया जाएगा। इस दौरान एक वर्ष से 19 वर्ष तक के बच्चों को पेट के कीड़े मारने की दवा खिलाई जाएगी। यह कार्यक्रम जनपद के सभी स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों पर संचालित होगा।

वहीं, जो बच्चे किसी कारणवश 10 फरवरी को दवा लेने से वंचित रह जाएंगे, उनके लिए 13 फरवरी को मॉप-अप अभियान चलाकर पुनः दवा खिलाने की व्यवस्था की गई है, ताकि कोई भी पात्र बच्चा लाभ से वंचित न रहे।

इसी के साथ स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाने का अभियान भी तेजी से चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों, पात्र परिवारों एवं प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (पीएम-जेएवाई) के लाभार्थियों के कार्ड बनाए जा रहे हैं।

आयुष्मान गोल्डन कार्ड निर्माण का कार्य सीएचओ, एएनएम, डाटा ऑपरेटर एवं कोटेदारों के माध्यम से किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने जनपदवासियों से अपील की है कि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थी अपने नजदीकी केंद्र पर पहुंचकर आयुष्मान कार्ड बनवाएं और योजना का लाभ उठाएं।

सीएमओ डॉ. एन. आर. वर्मा आजमगढ़ ने बताया कि “राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के माध्यम से बच्चों को पेट के कीड़ों से सुरक्षित किया जाएगा। इसके साथ ही आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाए जा रहे हैं। सभी पात्र लोग नजदीकी केंद्र पर पहुंचकर अपना कार्ड बनवाएं और योजना का लाभ उठाएं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *