अतरौलिया स्थानीय थाना क्षेत्र के गदनपुर लिंक एक्सप्रेसवे के समीप शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक झोला व्यवसायी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अतरौलिया निवासी राकेश कुमार गुप्ता उर्फ पिंटू उम्र 35 वर्ष पुत्र राधेश्याम मद्धेशिया जो झोला व्यवसाय का कार्य करते हैं। शनिवार को वह मोटरसाइकिल से अतरौलिया से बुढ़नपुर की ओर सामान देने जा रहे थे। जैसे ही वह गदनपुर तिराहे के समीप लिंक एक्सप्रेसवे से नीचे उतर रहे थे, तभी पीछे से तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि राकेश मोटरसाइकिल समेत सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन मौके पर मौजूद आस पास के लोगो ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक को घेराबंदी कर रोक लिया और चालक को पकड़कर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पवन कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को नजदीकी 100 शैय्या अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि घायल के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद हालत चिंताजनक बनी रहने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक व क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि चालक हिरासत में है और तहरीर मिलने पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अनियंत्रित ट्रक ने झोला व्यवसायी को रौंदा, हालत गंभीर, जिला अस्पताल रेफर
