छत्तीसगढ़ से लाया जा रहा था 34 लाख का गांजा, आजमगढ़ में STF ने तस्कर दबोचा

छत्तीसगढ़ से लाया जा रहा था 34 लाख का गांजा, आजमगढ़ में STF ने तस्कर दबोचा

आजमगढ़: एसटीएफ लखनऊ और गम्भीरपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मिनी कंटेनर ट्रक से लगभग 354 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 34 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार गुरुवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि छत्तीसगढ़ से एक मिनी कंटेनर ट्रक के जरिए भारी मात्रा में गांजा आजमगढ़ की ओर लाया जा रहा है। सूचना पर एसटीएफ लखनऊ टीम के प्रभारी उपनिरीक्षक फैजुद्दीन सिद्दीकी और गम्भीरपुर थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ अमौड़ा टोल प्लाजा के पास वाहन चेकिंग करने लगे।

चेकिंग के दौरान टोल प्लाजा से करीब 200 मीटर पहले एक मिनी कंटेनर ट्रक UP79 AT 9418 को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान ट्रक में बनी प्लास्टिक की गुप्त कैविटी में छिपाकर रखी गई 14 बोरियों में कुल 354 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। इसके बाद चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजीव कुमार यादव उम्र 38 वर्ष पुत्र तिलक सिंह निवासी ग्राम सुरैंदा फूलपुर थाना अजीतमल, जनपद औरैया के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन, 850 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त मिनी कंटेनर ट्रक भी बरामद किया है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह छत्तीसगढ़ के रायपुर और आसपास के क्षेत्रों से गांजा लाकर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में सप्लाई करता था। पुलिस से बचने के लिए गांजे को ट्रक में बनी गुप्त कैविटी और प्लास्टिक की बोरियों में छिपाकर ले जाया जाता था।

इस मामले में गम्भीरपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी औरैया और जौनपुर में गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट तथा मारपीट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *