महमूदपुर चेकपोस्ट पर निशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर, 460 मरीजों का हुआ उपचार
रानी की सराय क्षेत्र स्थित महमूदपुर चेकपोस्ट पर रविवार को त्यागी होम्योपैथिक फार्मेसी में एक निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का नेतृत्व होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. एच.पी. त्यागी ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. नवीन दुबे ने होम्योपैथी के जनक सैमुअल हैनीमन के चित्र पर माल्यार्पण कर की।
शिविर में डॉ. बी. पांडे ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को नि:शुल्क दवा और परामर्श उपलब्ध कराना है, ताकि कोई भी व्यक्ति पैसे के अभाव में इलाज से वंचित न रहे। डॉ. रणधीर सिंह ने आश्वस्त किया कि शिविर में आने वाले मरीजों को आगे भी आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
डॉ. गिरीश सिंह ने लोगों को स्वच्छता और हाइजीन पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी, जिससे वे बीमारियों से बच सकें। वहीं नेत्र चिकित्सक डॉ. मोहम्मद अफजल ने बढ़ते प्रदूषण के कारण आंखों में हो रही एलर्जी से सतर्क रहने और समय पर जांच कराने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजीव पांडे ने किया।
शिविर में लगभग 460 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निशुल्क दवाएं वितरित की गईं। इस दौरान डॉ. अजय राय, डॉ. नीरज द्विवेदी, डॉ. धीरज श्रीवास्तव, डॉ. अभिषेक राय, डॉ. एच.पी. त्यागी और डॉ. अनुतोष वत्सल सहित अन्य चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
अंत में डॉ. एच.पी. त्यागी ने सभी चिकित्सकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इस तरह के जनसेवा कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।
