मेले में विवाद के बाद युवक को घर से बुलाकर मारी गोली, पैर में लगी गोली, घायल, भर्ती, नामजद मुकदमा दर्ज, गिरफ्तारी को लेकर दो पुलिस टीमें गठित

मेले में विवाद के बाद युवक को घर से बुलाकर मारी गोली, पैर में लगी गोली, घायल, भर्ती, नामजद मुकदमा दर्ज, गिरफ्तारी को लेकर दो पुलिस टीमें गठित

आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र में ककरहटा गांव में मंगलवार की रात मेले में हुए विवाद के बाद एक युवक को घर से बुलाकर गोली मार दी गई। गोली युवक के दाहिने पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में नामजद मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित की हैं।
जानकारी के अनुसार, इंद्रदेव यादव पुत्र विश्वनाथ यादव ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनका पुत्र निखिल यादव मंगलवार की रात पास में लगे मेले में गया था। वहां मानचोभा निवासी सौरभ यादव और मोजरापुरा निवासी अजीत यादव के साथ निखिल का विवाद हो गया। आरोप है कि दोनों ने निखिल के साथ गाली-गलौज की। इसके बाद निखिल वहां से अपने घर लौट आया।
आरोप है कि कुछ देर बाद सौरभ यादव ने मोबाइल फोन से निखिल से संपर्क किया और उसे घर से बाहर बुलाया। दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई। इसके बाद जब निखिल वहां से जाने लगा तो सौरभ ने उसे गोली मार दी। गोली निखिल के दाहिने पैर में लगी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले में सीओ सिटी शुभम तोदी ने बताया कि तहरीर के आधार पर नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमें गठित की गई हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *