दर्दनाक हादसा: जर्जर दीवार गिरने से सभासद मोहम्मद अफजल की 6 वर्षीय बच्ची की मौत, दूसरा बच्चा बाल-बाल बचा, सीसीटीवी में कैद हुआ हादसा

दर्दनाक हादसा: जर्जर दीवार गिरने से सभासद मोहम्मद अफजल की 6 वर्षीय बच्ची की मौत, दूसरा बच्चा बाल-बाल बचा, सीसीटीवी में कैद हुआ हादसा

सोमवार शाम तेज हवाओं और बारिश के बीच आजमगढ़ नगर के अनन्तपुरा-गुरुटोला वार्ड में एक दर्दनाक हादसा हो गया। सभासद मोहम्मद अफ़ज़ल के घर के सामने स्थित एक जर्जर दीवार अचानक भरभराकर गिर गई।

हादसे के वक्त सभासद की 6 वर्षीय पुत्री अलीना और पड़ोस का 7 वर्षीय आदर्श निषाद एक ही छतरी में समान खरीदने जा रहे थे और दोनों जर्जर दीवार के मलबे के नीचे दब गए।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए मलबा हटाकर दोनों बच्चों को बाहर निकाला। हादसे में आदर्श सुरक्षित बच गया, लेकिन गंभीर रूप से घायल अलीना को जब डॉक्टर के पास ले जाया गया, तो उसे मृत घोषित कर दिया गया। यह पूरी हृदय विदारक घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

मासूम बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना पर विधायक दुर्गा प्रसाद यादव और चेयरमैन सरफराज आलम मंसूर समेत बड़ी संख्या लोग देर रात तक शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने पहुंचे। इस हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

स्थानीय नागरिकों में जर्जर भवनों को लेकर भारी आक्रोश है। उन्होंने प्रशासन से नगर के सभी जर्जर मकानों व निर्माणों की तत्काल जांच कराकर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

दिवंगत मासूम अलीना को मंगलवार सुबह गाजी दलेल खान कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *