विद्यालयों में धूमधाम से मनाई गई गांधी जयंती, सत्य-अहिंसा का दिया संदेश
ठठिया संवाददाता। क्षेत्र के सभी विद्यालयों में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती श्रद्धा, उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाई गई। विद्यालय परिसरों में आयोजित कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने महात्मा गांधी के आदर्शों को याद करते हुए उनके बताए सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय परिसर में तिरंगा झंडा फहराकर किया गया। इसके बाद राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए। छात्र-छात्राओं ने गांधी जी के जीवन, स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान और देश के प्रति उनके समर्पण पर प्रकाश डाला।
क्षेत्र के बेनीमाधव इंटर कॉलेज, आदर्श इंटर कॉलेज, लवकुश इंटर कॉलेज और राजबहादुर सिंह इंटर कॉलेज समेत अन्य विद्यालयों में भी गांधी जयंती पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को गांधी जी के जीवन से जुड़े प्रसंग बताते हुए सत्य और अहिंसा के महत्व को समझाया। विद्यालयों में देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रमों से माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा।
इस दौरान विद्यालयों के प्रबंधक, प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान महात्मा गांधी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और स्वच्छ एवं बेहतर समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया गया।
