अहरौला कांड में मृत मां, पिता और बेटे का हुआ अंतिम संस्कार, भतीजी ने दी मुखाग्नि

अहरौला कांड में मृत मां, पिता और बेटे का हुआ अंतिम संस्कार, भतीजी ने दी मुखाग्नि

आजमगढ़। जिले के अहिरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर गांव में हुई घटना में मृत आरोपी अरविंद सिंह, उसकी पत्नी बबिता सिंह और 8 वर्षीय बेटे शौर्य सिंह का बुधवार देर शाम अंतिम संस्कार कर दिया गया। नगर के राजघाट पर उस समय सबकी आंखें नम हो गईं। जब एक चिता से सटाकर दूसरी चिता सजाई गई। बीच में बेटे को और लिटाने के बाद उसके एक तरफ मां और दूसरी तरफ पिता को लिटाया गया। इसके बाद अरविंद के बड़े भाई सुनील सिंह की बड़ी बेटी वर्षा सिंह वहां पहुंची और उसने चाचा, चाची के साथ ही भाई को भी मुखाग्नि दी। इस दृश्य को देख वहां मौजूद हर आंख नम हो उठी। इस दौरान काफी संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहा।

इस दौरान भारत रक्षा दल के अध्यक्ष, हरिकेश विक्रम श्रीवास्तव ने कहा कि एक ही चिता पर तीन-तीन शवों का दाह संस्कार किया जा रहा है यह बेहद हृदय विदारक है।
हरिकेश विक्रम श्रीवास्तव का कहना है कि समाज में छोटी-छोटी बातों को लेकर ऐसी घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में संतोष और धैर्य की कमी साफ झलकती है। उनका दल ऐसे लावारिस और कमजोर वर्ग के लोगों की मदद के लिए हमेशा आगे रहता है, जिनका कोई नहीं होता। इस घटना में भी उनके द्वारा लकड़ी दान करने और लगभग 700 लोगों के अंतिम संस्कार में सहयोग करने की बात कही गई है।
उन्होंने बताया कि इस तरह की वारदातों की सूचना स्थानीय पुलिस द्वारा उनके कार्यालय को दी जाती है, जिसके बाद उनके साथी इस सामाजिक और मानवीय कार्य को पूरा करने में जुट जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *