ओमप्रकाश राजभर का अखिलेश यादव पर सीधा हमला,’रंग बदलने में माहिर हैं सपा मुखिया’

ओमप्रकाश राजभर का अखिलेश यादव पर सीधा हमला,’रंग बदलने में माहिर हैं सपा मुखिया’

​20 करोड़ की बस से सिर्फ ‘टाटा’ करेंगे अखिलेश, पिछड़ों-दलितों से हाथ मिलाने में लगता है डर: राजभर

​यूपीआई चार्ज की खबरों को बताया भ्रामक अफवाह,95 फीसदी आम जनता पर कोई असर नहीं
​
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने शनिवार को निरीक्षण भवन अतरौलिया में सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर सीधा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव रंग बदलने में माहिर हैं और अब उन्हें अपनी ही पहचान बन चुकी ‘लाल टोपी’ से डर लगने लगा है। ​अखिलेश यादव द्वारा नीला गमछा ओढ़ने पर तंज कसते हुए राजभर ने कहा कि यह सिर्फ दलितों को गुमराह करने का दिखावा है। उन्होंने 1995 के चर्चित गेस्ट हाउस कांड और सपा शासन में दलित अधिकारियों के डिमोशन व योजनाओं को बंद करने का जिक्र करते हुए कहा कि सपा कभी दलित हितैषी नहीं रही। राजभर ने दावा किया कि मुस्लिम वोट बैंक खिसकने की घबराहट में सपा मुखिया अब भगवा और सनातन का सहारा ढूंढ रहे हैं। ​सपा की नई हाईटेक बस पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि 20 करोड़ रुपये की बस इसलिए तैयार कराई गई है ताकि अखिलेश को दलितों, पिछड़ों और वंचितों से हाथ न मिलाना पड़े और वे सिर्फ छत से जनता को ‘टाटा’ कर सकें।
​वहीं, यूपीआई लेन-देन पर अतिरिक्त चार्ज की खबरों को कैबिनेट मंत्री ने पूरी तरह भ्रामक और अफवाह करार दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि 95 प्रतिशत आम नागरिकों और छोटे दुकानदारों पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा, यह व्यवस्था केवल बड़े व्यावसायिक लेन-देन के लिए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *