सीढ़ी के रास्ते घर में घुसे चोर, जेवरात व नकदी लेकर फरार; सुबह टूटा मिला बक्सा, चोरी का मंजर देख उड़े परिजनों के होश, लोगों में दहशत, पुलिस मौके पर जांच पड़ताल में जुटी
आजमगढ़ जनपद के सिधारी थाना क्षेत्र अंतर्गत दौलतपुर गांव में गुरुवार देर रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात एवं नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद पीड़ित परिवार में दहशत और आक्रोश का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, दौलतपुर गांव निवासी मीना देवी के घर में गुरुवार रात अज्ञात चोर सीढ़ी के रास्ते घर के अंदर दाखिल हुए। उस समय परिवार के सभी सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे। चोरों ने घर में रखे बक्से का सिटकनी तोड़कर उसमें रखे कीमती सामान को चोरी कर लिया।
पीड़िता मीना देवी ने बताया कि शुक्रवार सुबह जब वह उठकर घर की साफ-सफाई कर रही थीं, तभी उनकी नजर बक्से पर पड़ी। उन्होंने देखा कि बक्से की सिटकनी टूटी हुई थी, जबकि ताला बंद था। जब बक्सा खोलकर देखा तो उसमें रखे सभी कीमती सामान गायब थे। यह देखकर उनके होश उड़ गए।
पीड़िता के अनुसार चोर घर से दो जोड़ी चांदी की पायल, गले का मंगलसूत्र, कान की झाली, नथिया तथा लगभग एक हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। चोरी की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा चोरी की घटना के संबंध में आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द चोरी का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी तथा क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।
