सीमांकन के बाद खेत में विवाद, मारपीट का आरोप; एसएसपी से कार्रवाई की मांग
आजमगढ़। चकटगे गांव निवासी परदेशी पुत्र रामदेव ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर मारपीट के मामले में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि भूमि सीमांकन के बाद खेत में कृषि कार्य करने के दौरान विवाद हुआ और विपक्षियों ने उनके परिजनों के साथ मारपीट की।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, उप जिलाधिकारी सदर आजमगढ़ के न्यायालय से 1 जनवरी 2025 को भूमि सीमांकन का आदेश हुआ था। आदेश के अनुपालन में राजस्व टीम द्वारा सीमांकन कर पत्थर नसब की कार्रवाई पूरी कर दी गई थी। इसके बाद पीड़ित अपनी भूमि पर खेती का कार्य कर रहे थे।
आरोप है कि संतोष पुत्र युद्ध यादव (उम्र करीब 54 वर्ष) और विनोद पुत्र बालचंद (उम्र करीब 40 वर्ष) खेत से जबरन हाथ का डेला (कृषि उपकरण) ले जाने लगे। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। पीड़ित का आरोप है कि इस दौरान उनके पुत्र दिनेश (उम्र करीब 35 वर्ष) को लाठी-डंडे से पीटकर घायल कर दिया गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई।
घटना की सूचना पीड़ित ने डायल-112 पर दी। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को पुलिस चौकी सठियांव ले गई। पीड़ित का आरोप है कि बाद में समझौता करा दिया गया, लेकिन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि उनका मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है।
पीड़ित परदेशी ने एसएसपी से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो। मामले में पुलिस जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
