तेज रफ्तार डीसीएम की टक्कर से सेना में भर्ती के लिए दौड़ लगा रहे युवक की मौत, सड़क जाम,शव को लेकर पुलिस से ग्रामीणों/परिजनों में खींचतान
रीना वर्मा
कन्नौज। सेना भर्ती की तैयारी कर रहे एक 18 वर्षीय युवक को दौड़ लगाने के दौरान पीछे से आ रहे एक डीसीएम चालक ने टक्कर मार दी। दुर्घटना के दौरान चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना की जानकारी पर आक्रोशित परिजनों ने बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ के साथ तिर्वा इंदरगढ़ मार्ग जाम कर दिया। हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंचे अधिकारियों के आश्वाशन के बाद जाम खुल सका।
जानकारी के मुताबिक जिले की कोतवाली तिर्वा के गांव परसोहा निवासी महिपाल राजपूत के पत्नी के अलावा दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। इनमें पत्नी मालती देवी, पुत्र 18 वर्षीय सत्यम,16 वर्षीय सुंदरम के अलावा दो बहनों में बंदना और रंजना हैं।
इनमें सुंदरम हाईस्कूल के बाद आगे की तैयारी कर रहा है, इसके अलावा बड़ी बहन बंदना की शादी हो चुकी है। बता दें कि,खेती किसनी से परिवार की जीविका चलती है।
बता दें कि, सत्यम बीते दिनों में सेना भर्ती की तैयारी करता रहा है और वर्तमान में भी कर रहा है।
सोमवार की सुबह रोजाना की तरह सत्यम सेना में भर्ती को घर से दौड़ लगाने निकला था। जैसे ही सुबह साढ़े पांच बजे के करीब वह तिर्वा इंदरगढ़ मार्ग पर कनौली/बछज्जापुर गांव के मध्य धर्मकांटे के निकट पहुंचा, इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार से आ रहे डीसीएम के चालक ने अनियंत्रण के कारण सत्यम को टक्कर मार दी। हादसे के दौरान जहां डीसीएम चालक मौके से भाग निकला वहीं सत्यम की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मामले की सूचना पर सत्यम के परिजन बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ के साथ मौके पर पहुंचे,और तिर्वा इंदरगढ़ मार्ग को जाम कर दिया। परिजन और ग्रामीण मौके पर वर्तमान ऊर्जा राज्य मंत्री कैलाश राजपूत और उच्चाधिकारियों को बुलाने की मांग करते हुए मामले में कार्यवाही और मुआवजे की मांग कर रहे थे।
हादसे की जानकारी पर ऊर्जा राज्य मंत्री/स्थानीय विधायक कैलाश राजपूत,
तिर्वा एसडीएम वैशाली, एएसपी अजयकुमार,
तहसीलदार अवनीश कुमार, नायब तहसीलदार सतीश कन्नौजिया,
पुलिस क्षेत्राधिकारी कुलवीर सिंह, कोतवाली प्रभारी संजय शुक्ला, थाना ठठिया एवं इंदरगढ़ पुलिस बल भी पहुंचा।
सड़क जाम किए परिजनों और ग्रामीणों को उपरोक्त अधिकारियों द्वारा समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन जाम लगाए भीड़ नहीं मानी।
इस दौरान पोस्टमार्टम हेतु मृतक युवक का शव ले जाने को लेकर परिजनों/ग्रामीणों एवं पुलिस के मध्य खींचतान भी होती नजर आई। मौके पर मौजूद पुलिस क्षेत्राधिकारी कुलवीर सिंह द्वारा मामला शांत किया गया।
आखिर करीब तीन घंटे से अधिक समय बाद अधिकारियों द्वारा परिजनों की मांगें जिनमें डीसीएम चालक की गिरफ्तारी, मुकदमा दर्ज करने और उस पर कार्यवाही के अलावा मुआवजे की मांग मानने का आश्वाशन दिया गया, जिसके बाद हालात सामान्य हो सके।
मृतक के शव को पोस्टमार्टम हेतु जिला अस्पताल/ मोर्चरी भेजा गया था। सत्यम के शव पर
मौके पर मौजूद परिजनों के करुण क्रंदन का सिलसिला जारी था।
