ठठिया में भीषण अग्निकांड: झोपड़ी नुमा घर जलकर राख, लगभग एक लाख का नुकसान

ठठिया में भीषण अग्निकांड: झोपड़ी नुमा घर जलकर राख, लगभग एक लाख का नुकसान
रीना वर्मा

कन्नौज। ठठिया थाना क्षेत्र के पुरानी ठठिया गांव में सोमवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक गरीब परिवार की झोपड़ी नुमा मकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज़ी से फैली कि देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया और गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया।
जानकारी के अनुसार, पुरानी ठठिया निवासी रामऔतार कुशवाहा अपनी पत्नी और बच्चों के साथ गांव के बाहर बने झोपड़ीनुमा मकान में रहते हैं। सोमवार रात करीब 2 बजे अचानक घर से आग की लपटें उठती देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। घटना के समय रामऔतार का परिवार ससुराल में आयोजित कार्यक्रम के कारण वहां गया हुआ था, जबकि वह स्वयं घर के पास मक्का की फसल में सिंचाई कार्य कर रहे थे।
घर से आग की लपटें उठती देख रामऔतार ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर में रखा सारा सामान जल चुका था।
पीड़ित के अनुसार आग की इस घटना में कपड़े, अनाज, बर्तन, जरूरी कागजात और नकदी सहित पूरी गृहस्थी जलकर राख हो गई। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लगभग एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
घटना के बाद परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गया है, जिससे उनके सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
क्षेत्रीय लेखपाल अभिषेक कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिल चुकी है तथा मौके का निरीक्षण कर क्षति का आकलन तैयार कर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *