केमिकल युक्त कृत्रिम दूध बनाने के बड़े रैकेट का खुलासा, एक गिरफ्तार, एक फरार

केमिकल युक्त कृत्रिम दूध बनाने के बड़े रैकेट का खुलासा, एक गिरफ्तार, एक फरार

आजमगढ़ जिले के थाना देवगांव क्षेत्र में पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने केमिकल युक्त कृत्रिम दूध बनाने के बड़े रैकेट का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान 200 लीटर कृत्रिम दूध, भारी मात्रा में अपमिश्रक पदार्थ और खतरनाक केमिकल बरामद करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका सहयोगी मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, 07 फरवरी को उपनिरीक्षक सुभाष तिवारी प्रभारी चौकी लालगंज पुलिस बल के साथ क्षेत्र में भ्रमणशील थे। इसी दौरान काशी डेयरी, मिर्जाआदमपुर के प्रबंधक रजनिकान्त मिश्रा एवं अरविन्द शर्मा द्वारा सूचना दी गई कि ग्राम सोफीपुर में दूध सप्लायर संतोष कुमार अपने मकान मालिक प्रमोद राय के साथ मिलकर केमिकल मिलाकर कृत्रिम दूध तैयार कर रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से दबिश दी।

मौके से अभियुक्त संतोष कुमार पुत्र चन्द्रपाल सिंह, निवासी गोविन्दीगढ़ी, थाना सतरौली, जनपद एटा को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि मकान मालिक प्रमोद राय पुत्र रामबचन राय फरार हो गया। पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त ने बताया कि लालच में आकर वह टैंकर से असली दूध निकाल लेता था और उसमें केमिकलयुक्त कृत्रिम दूध मिलाकर डेयरी में सप्लाई करता था। निकाले गए असली दूध को प्रमोद राय स्वयं का बताकर डेयरी में बेच देता था। मौके से पुलिस ने करीब 200 लीटर कृत्रिम दूध, 100 लीटर अपमिश्रक मिश्रण, 40 लीटर केमिकलयुक्त रिफाइंड तेल, 45 किलो यूरिया, मेथनॉल, एथनॉल, सोडियम हाइड्रॉक्साइड सहित कई खतरनाक रसायन, बड़े ड्रम, प्लास्टिक कंटेनर, पाइप और दूध निकालने का हैंड पंप बरामद किया है। इस संबंध में थाना देवगांव में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। फरार अभियुक्त की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *