धान काटने जा रही कंबाइन मशीन ब्रेकर पर उछलकर पलटी,बाल-बाल बचे चार लोग
ठठिया संवाददाता। ठठिया-मानीमऊ मार्ग पर मंगलवार सुबह उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब धान की कटाई करने जा रही कंबाइन मशीन एक ऊंचे ब्रेकर पर उछलकर अनियंत्रित हो गई। मशीन सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकराकर पलट गई। हादसे के समय मशीन पर सवार चार लोग बाल-बाल बच गए। गनीमत रही कि किसी को चोट नहीं आई। जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे बरेली जनपद के भहेड़ी निवासी इमरान पुत्र साबिर कंबाइन मशीन लेकर ठठिया थाना क्षेत्र में धान की कटाई करने जा रहे थे। जैसे ही मशीन ठठिया-मानीमऊ मार्ग पर अरविंद मेडिकल स्टोर के पास बने ब्रेकर पर पहुंची, अचानक तेज झटका लगने से मशीन का संतुलन बिगड़ गया। अनियंत्रित मशीन सड़क किनारे खड़े बिजली के पोल से जा टकराई और पलट गई। टक्कर से बिजली का पोल टूट गया। हादसे के दौरान मशीन पर सवार बरेली निवासी सलीम, हासिम और अमन समेत चार लोग मौजूद थे। सभी लोग सुरक्षित बच गए और किसी को खरोंच तक नहीं आई। घटना की जानकारी मिलते ही गश्त कर रही डायल 112 टीम के उपनिरीक्षक ऊदल सिंह और कांस्टेबल सचिन सिंह मौके पर पहुंच गए। पुलिस टीम ने स्थिति संभालते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू की। हादसे के बाद मौके पर मौजूद दुकानदारों ने सड़क पर बने ऊंचे ब्रेकर को लेकर नाराजगी जताई। दुकानदारों का कहना है कि ब्रेकर काफी ऊंचा होने के कारण यहां आए दिन बाइक और अन्य वाहन अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार होते हैं। कई लोग घायल भी हो चुके हैं। दुकानदारों के मुताबिक, कई बार पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों को ब्रेकर की समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। दुकानदारों ने संबंधित विभाग से ब्रेकर को मानक के अनुरूप कराने की मांग की है।
