दानेश्वर धाम मंदिर में सेंध लगाकर 70 पीतल के घण्टे चोरी, पुलिस ने दो आरोपियों को 70 घण्टे के साथ दबोचा

दानेश्वर धाम मंदिर में सेंध लगाकर 70 पीतल के घण्टे चोरी, पुलिस ने दो आरोपियों को 70 घण्टे के साथ दबोचा

ठठिया संवाददाता। भुलभुलियापुर गांव के पास ईशन नदी के किनारे स्थित प्राचीन दानेश्वर धाम मंदिर परिसर में अज्ञात चोरों ने सेंध लगाकर पीपल के पेड़ पर लटके करीब 70 पीतल के घण्टे चोरी कर लिए। सुबह चोरी की जानकारी होने पर मंदिर परिसर में हड़कंप मच गया। घटना को लेकर मंदिर से जुड़े लोगों में रोष फैल गया। सूचना पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू की। शुक्रवार को पुलिस ने चोरी की घटना में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए 70 पीतल के घण्टे बरामद किए गए।
ग्राम पंचायत महसैया के भुलभुलियापुर निवासी तुलसीराम पुत्र रामखिलावन ने थाना ठठिया में तहरीर देकर बताया कि दानेश्वर धाम परिसर में स्थित मंदिरों के बीच पीपल के पेड़ पर बड़ी संख्या में पीतल के घण्टे लटके हुए थे। रात में अज्ञात चोर मंदिर परिसर में घुसे और पीपल के पेड़ पर लटके करीब 70 पीतल के घण्टे चोरी कर ले गए। सुबह मंदिर पहुंचे लोगों को घटना की जानकारी हुई तो हड़कंप मच गया।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की। थाना प्रभारी संजीव कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने जांच और तलाश शुरू की। शुक्रवार को पुलिस टीम ने ग्राम बेहटा से महसैया रोड पर भट्टे से करीब 100 मीटर आगे दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भूरा पुत्र रामचरन निवासी ग्राम रामपुर कुसुमखोर वांगुर, थाना कोतवाली कन्नौज और मुनेश पुत्र रामविलास निवासी ग्राम हिलालपुर, थाना अरौल, जनपद कानपुर नगर के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 70 पीतल के घण्टे बरामद हुए हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया। घटना में शामिल अन्य लोगों और चोरी किए गए शेष घंटों के संबंध में भी पुलिस जांच कर रही है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष ठठिया संजीव कुमार, उपनिरीक्षक विनोद कुमार, कांस्टेबल अवनीश चौहान, आदित्य तिवारी, अरवेश कुमार और सोनू शर्मा शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *