शराब ठेके पर सेल्समैन से अभद्रता व शिक्षक को धमकाने के मामले में दरोगा निलंबित
मुफ्त में शराब न देने पर गाली-गलौज करने और किशोर के साथ सात क्वार्टर शराब ले जाने का आरोप, वीडियो वायरल
/कन्नौज। थाना तालग्राम क्षेत्र की सलेमपुर चौकी में तैनात उपनिरीक्षक अवनीश कुमार पर शराब ठेके के सेल्समैन से अभद्रता करने तथा एक शिक्षक को फोन पर धमकी देने के आरोपों के मामले में जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस विभाग ने उपनिरीक्षक अवनीश कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, सलेमपुर आसफपुर पट्टी निवासी प्रधान पुत्र शिक्षक सुदीप ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि शराब ठेके पर मुफ्त में शराब न देने पर दरोगा ने सेल्समैन के साथ गाली-गलौज की। आरोप है कि इसके बाद दरोगा एक किशोर के साथ ठेके पर पहुंचा और सात क्वार्टर शराब बिना भुगतान किए ले गया।मामले से संबंधित सीसीटीवी फुटेज और ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात सामने आई थी। वहीं, सेल्समैन के पक्ष में शिक्षक द्वारा दरोगा को समझाने का प्रयास किए जाने के बाद फोन पर शिक्षक से कथित अभद्रता और धमकी देने का ऑडियो भी सामने आया था।मामले को पुलिस अधिकारियों ने गंभीरता से लेते हुए जांच कराई। जांच में सामने आए तथ्यों के बाद उपनिरीक्षक अवनीश कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पुलिस लाइन कन्नौज से संबद्ध किया गया है। पुलिस के अनुसार, प्रकरण की प्रारंभिक/विभागीय जांच प्रचलित है। जांच में सामने आने वाले अन्य तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
