मनरेगा के लंबित मटेरियल भुगतान को लेकर ग्राम प्रधानों ने उठाई आवाज, जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
आजमगढ़। मनरेगा योजना के अंतर्गत कराए गए विकास कार्यों के मटेरियल भुगतान में हो रही देरी तथा ब्लॉक स्तर से जिला स्तर पर लंबित स्वीकृतियों को लेकर अखिल भारतीय प्रधान संगठन, जनपद आजमगढ़ के ग्राम प्रधानों ने जिलाध्यक्ष अमरनाथ सिंह के नेतृत्व में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
ज्ञापन में ग्राम प्रधानों ने बताया कि ग्राम पंचायतों द्वारा विकास कार्यों से संबंधित फाइलें ब्लॉक स्तर से जिला स्तर पर स्वीकृति के लिए भेजी जा रही हैं, लेकिन स्वीकृति मिलने में काफी विलंब हो रहा है। इसके कारण गांवों में प्रस्तावित एवं चल रहे विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं तथा ग्राम पंचायतों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रधानों ने विशेष रूप से मनरेगा योजना के तहत वर्ष 2023-24 एवं 2024-25 में कराए गए विकास कार्यों के मटेरियल भुगतान का मुद्दा उठाया। उनका कहना है कि कई ग्राम पंचायतों में मटेरियल का भुगतान लंबे समय से लंबित है। भुगतान न होने के कारण ग्राम पंचायतों पर लाखों रुपये की देनदारी बढ़ गई है और संबंधित वेंडरों द्वारा भुगतान नहीं मिलने से नए विकास कार्यों के लिए सामग्री उपलब्ध कराने में भी परेशानी हो रही है।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि ग्राम पंचायतों द्वारा मटेरियल से संबंधित फाइलें, एमबी (मेजरमेंट बुक) एवं बिल ब्लॉक स्तर से जिला पंचायत राज विभाग तथा डीसी मनरेगा कार्यालय को स्वीकृति के लिए भेजे गए हैं, लेकिन कई फाइलें महीनों से लंबित पड़ी हैं। इससे विकास कार्यों की गति प्रभावित हो रही है।
ग्राम प्रधानों ने मांग की कि ब्लॉक से जिला स्तर पर स्वीकृति के लिए लंबित सभी फाइलों का शीघ्र निस्तारण कराया जाए तथा मनरेगा के अंतर्गत लंबित मटेरियल भुगतान को प्राथमिकता के आधार पर जारी कराया जाए, ताकि ग्राम पंचायतों पर बढ़ती देनदारी समाप्त हो सके और गांवों में विकास कार्य दोबारा गति पकड़ सकें।
प्रधान संघ ने जिलाधिकारी से जनहित एवं ग्राम पंचायतों के हित को ध्यान में रखते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने तथा लंबित भुगतान और स्वीकृतियों का शीघ्र निस्तारण कराने की मांग की।
ज्ञापन देने वालों में प्रधान संघ जिलाध्यक्ष अमरनाथ सिंह, ओम प्रकाश यादव तहबर पुर , एहतराम खान, अविनाश सिंह, सुनील यादव बिहारी कन्नौजिया मेहनगर बिन्द्रेश यादव अध्यक्ष मार्टिनगंज अमित यादव अध्यक्ष फूलपुर, धर्मेंद्र यादव हरैया धीरेंद्र यादव इटौरा संजय यादव सुनील यादव सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधान मौजूद रहे।
