जमीन पर जबरन कब्जे का आरोप, महिलाओं ने डीआईजी आजमगढ़ से लगाई कार्रवाई की गुहार
आजमगढ़:
बिलरियागंज थाना क्षेत्र के इस्माइलपुर गोरिया गांव की रहने वाली महिलाओं ने जमीन पर जबरन कब्जे के प्रयास का आरोप लगाते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र को शिकायती पत्र देकर न्याय की मांग की है।
शिकायतकर्ता सविता, उषा, सुधा, बुधा, प्रेमा समेत अन्य महिलाओं का कहना है कि वे आराजी संख्या-16 की मालिक और काबिज हैं। आरोप है कि पड़ोसी आराजी संख्या-17 के मालिक दईजी और हरेन्द्र उर्फ बैजू राजभर उनकी जमीन पर बढ़कर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। विरोध करने पर विपक्षियों द्वारा विवाद और मारपीट की आशंका जताई गई है।
महिलाओं ने बताया कि इस मामले को लेकर सिविल न्यायालय में वाद संख्या 2443/25 रामसिंगार बनाम हरेन्द्र उर्फ बैजू विचाराधीन है, जिसकी सुनवाई की तारीख 29 जुलाई 2026 निर्धारित है। इसके बावजूद विपक्षियों पर जबरन मेढ़बंदी कर कब्जा करने का प्रयास करने का आरोप लगाया गया है।
शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि विपक्षी कुछ राजस्व कर्मियों और पुलिस की मिलीभगत से कार्रवाई करा सकते हैं। महिलाओं ने डीआईजी से मांग की है कि मामले में हस्तक्षेप कर मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखी जाए और किसी भी पक्ष को जबरन कब्जा करने से रोका जाए, ताकि न्यायालय में विचाराधीन मामले के दौरान उन्हें बेदखल न किया जा सके।
मामला थाना बिलरियागंज क्षेत्र से जुड़ा है। पुलिस और प्रशासन की ओर से मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
