धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर कांग्रेस ने मनाया जश्न, छात्रों के संघर्ष की जीत बताया

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर कांग्रेस ने मनाया जश्न, छात्रों के संघर्ष की जीत बताया

हाथरस। जिला कांग्रेस कमेटी और शहर कांग्रेस कमेटी की ओर से केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर खुशी व्यक्त करते हुए विजय उत्सव मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन शुक्रवार शाम करीब 5 बजे मोहनगंज स्थित कांग्रेस कैंप कार्यालय पर किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को छात्रों के लंबे संघर्ष और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा लगातार उठाई गई आवाज की जीत बताया। जिलाध्यक्ष पं. विवेक उपाध्याय ने कहा कि देश के लाखों छात्रों की आवाज को दबाने के प्रयास अंततः विफल हुए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा छात्रों और युवाओं के न्यायपूर्ण अधिकारों की लड़ाई में उनके साथ खड़ी रही है।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने संसद से लेकर सड़क तक छात्रों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाया और उनकी समस्याओं को देश के सामने रखा। उन्होंने इसे छात्र शक्ति, लोकतंत्र और सत्य की जीत बताते हुए कहा कि कांग्रेस भविष्य में भी युवाओं और छात्रों के अधिकारों के लिए संघर्ष करती रहेगी।

वहीं, शहर कांग्रेस अध्यक्ष योगेश कुमार ‘ओके’ ने कहा कि यह विजय उत्सव छात्रों के संघर्ष और कांग्रेस की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जब भी युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दे सामने आएंगे, कांग्रेस उनके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी। उन्होंने छात्र-युवा साथियों को इस अवसर पर बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि सरकार भविष्य में छात्रों के हितों को प्राथमिकता देगी।

इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष ब्रह्मदेव शर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष करुणेश मोहन दीक्षित, मैनपुरी कोऑर्डिनेटर अवधेश बख्शी, पूर्व राष्ट्रीय सचिव किसान कांग्रेस अजीत गोस्वामी, जिला कोषाध्यक्ष संजीव अंधीवाल, जिला महासचिव प्रभात शंकर, कपिल सिंह, जिला उपाध्यक्ष रामकुमार सारस्वत, जिला महासचिव श्रीकृष्ण एडवोकेट, शहर उपाध्यक्ष धर्मेंद्र गांधी, डॉ. प्रमोद, शहर महासचिव जुनेद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *