सघन वाहन चेकिंग अभियान में नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई, सड़क सुरक्षा का दिया गया संदेश

सघन वाहन चेकिंग अभियान में नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई, सड़क सुरक्षा का दिया गया संदेश

आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक यातायात पंकज श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में शुक्रवार को जनपद के विभिन्न प्रमुख चौराहों और तिराहों पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देना, यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराना तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना रहा।

अभियान के तहत नरौली तिराहा, पहाड़पुर तिराहा, बलरामपुर चौकी क्षेत्र, अग्रसेन चौराहा, रेलवे स्टेशन तिराहा सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर पुलिस और यातायात विभाग की संयुक्त टीमों ने व्यापक वाहन जांच की। इस दौरान संबंधित क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी एवं यातायात पुलिस बल मौके पर मौजूद रहे।

चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने, तीन सवारी बैठाने, नियम विरुद्ध नंबर प्लेट लगाने, नशे की हालत में वाहन चलाने, मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग करने, काली फिल्म लगे वाहनों का संचालन करने तथा बिना वैध दस्तावेजों के वाहन चलाने वालों के खिलाफ चालान, सीज एवं अन्य प्रवर्तनात्मक कार्रवाई की गई।

अभियान का निरीक्षण अपर पुलिस अधीक्षक यातायात पंकज श्रीवास्तव ने स्वयं किया। वहीं क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी एवं क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल ने वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए हेलमेट और सीट बेल्ट के नियमित प्रयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने की सलाह दी।

आजमगढ़ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें और सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *