टीटी की नौकरी दिलाने के नाम पर 9.63 लाख की ठगी, गिरोह का एक और सदस्य गिरफ्तार
आजमगढ़ जिले के थाना कंधरापुर पुलिस ने टीटी की नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के एक और सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर फर्जी टीटी पहचान पत्र बनाकर बेरोजगार युवकों को नौकरी का झांसा देने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम इसहाकपुर निवासी जनार्दन यादव ने 7 मई 2026 को थाना कंधरापुर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनके पुत्र अमन को टीटी की नौकरी दिलाने का भरोसा देकर आरोपियों ने 9 लाख 63 हजार 500 रुपये ले लिए। बाद में उन्हें फर्जी टीटी आईडी कार्ड भी उपलब्ध कराया गया। जब पीड़ित पक्ष ने रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने गाली-गलौज और धमकी दी। इस मामले में थाना कंधरापुर में मुकदमा संख्या 108 बटा 2026 के तहत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया था।
पुलिस ने बताया कि इस प्रकरण में पूर्व में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। जांच के दौरान गिरोह के एक अन्य सदस्य संदीप श्रीवास्तव उम्र 37 वर्ष पुत्र विनोद श्रीवास्तव, निवासी ग्राम टिसौरा थाना जमानिया जनपद गाजीपुर वर्तमान पता कमला नगर कॉलोनी, लालपुर-पांडेयपुर, वाराणसी को 3 जून 2026 को उसके गांव टिसौरा से गिरफ्तार किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में नौकरी के नाम पर युवाओं से धोखाधड़ी करने वाले अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश कर दिया गया।
इस गिरफ्तारी में वरिष्ठ उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंह, आरक्षी अजीत कुशवाहा, आरक्षी राम सिंह तथा महिला आरक्षी अनीता गुप्ता की टीम शामिल रही। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश और आगे की जांच कर रही है।
