राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. प्रियंका मौर्या ने भगतपुर में सुनी जनसमस्याएं, अधिकारियों को लगाई फटकार
उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. प्रियंका मौर्या ने अतरौलिया क्षेत्र के भगतपुर गांव में जनसुनवाई कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने मुख्य रूप से पेंशन, राशन वितरण और आंगनबाड़ी केंद्र की व्यवस्थाओं को लेकर जानकारी ली व अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। जनसुनवाई के दौरान जब डॉ. प्रियंका मौर्या ने आंगनबाड़ी केंद्र का जायजा लिया, तो वहां बच्चों की अनुपस्थिति देखकर वह बेहद नाराज हुईं। उन्होंने मौके पर मौजूद बाल विकास परियोजना अधिकारी को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा, “जब आपको पहले से जानकारी थी कि निरीक्षण होने वाला है, तो बच्चों को केंद्र पर रोका जाना चाहिए था।”
जनसुनवाई में उपस्थित महिलाओं ने आयोग की सदस्य के सामने गांव में पेंशन योजना, खस्ताहाल सड़कों के निर्माण और आयुष्मान कार्ड बनने में आ रही दिक्कतों को प्रमुखता से उठाया। इस पर उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को जनसमस्याओं का शीघ्र से शीघ्र निस्तारण करने के कड़े निर्देश दिए।
भगतपुर के बाद उन्होंने निर्माणाधीन कस्तूरबा गांधी विद्यालय का निरीक्षण किया। निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति को देखकर उन्होंने स्थानीय ग्राम प्रधान के प्रयासों की सराहना की।
हालांकि, गलत जगह निरीक्षण कराने पर उन्होंने डीपीआरओ को जमकर फटकार लगाई। नाराजगी जताते हुए डॉ. मौर्या ने कहा, “हमें अतरौलिया स्थित चालू कस्तूरबा गांधी विद्यालय का निरीक्षण करना था, लेकिन आप हमें निर्माणाधीन विद्यालय ले आए। यहां निर्माणाधीन परिसर में हम किससे पूछताछ करेंगे और किसकी समस्याएं सुनेंगे?”
कार्यक्रम के अंत में डॉ. प्रियंका मौर्या अतरौलिया थाने पहुंचीं। वहां उन्होंने जनसुनवाई कक्ष, थाने के अभिलेखों के रखरखाव और महिलाओं से जुड़ी शिकायतों की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
